इंटरस्टेट ड्रग रैकेट का पर्दाफाश: 5 करोड़ की कोकीन जब्त, बरेली कनेक्शन उजागर

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए एक इंटरस्टेट ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 500 ग्राम हाई-क्वालिटी कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था और बड़े स्तर पर ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था।
10 अप्रैल 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गाजियाबाद राउंडअबाउट के पास जाल बिछाकर बरेली निवासी जावेद हुसैन को गिरफ्तार किया। उसके पास से 456 ग्राम कोकीन बरामद हुई। पूछताछ में जावेद ने खुलासा किया कि उसे यह नशीला पदार्थ बरेली के सोइब खान से मिला था।
इसके बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए 22 अप्रैल को बरेली में छापेमारी कर मुख्य सप्लायर सोइब खान को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहली बार इस अवैध कारोबार में शामिल हुए थे और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।