मुंबई। मुलुंड ईस्ट इलाके में एक 42 वर्षीय महिला को शादी का झांसा देकर करीब 31 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। नवघर पुलिस ने ठाणे निवासी कमलेश मोती दलवी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की है।पुलिस के अनुसार पीड़िता और आरोपी की मुलाकात 2020 में कॉल सेंटर में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध गहरे हुए, और आरोपी ने महिला को शादी का भरोसा दिलाया। नवंबर 2020 से आरोपी ने व्यवसाय में घाटे का हवाला देते हुए महिला से पैसे लेना शुरू कर दिया, जो चार वर्षों में 31 लाख रुपये से अधिक हो गए। जुलाई 2022 में महिला ने आरोपी को परिवार से भी मिलवाया, लेकिन आरोपी ने शादी टालने के बहाने बनाना शुरू कर दिए। फरवरी 2024 तक महिला ने शादी या पैसे वापसी के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि 5 दिसंबर 2024 को शादी हुई, लेकिन शादी के दौरान और बाद में भी आरोपी ने महिला से पैसे लिए और मानसिक व आर्थिक परेशानियां दी। नवघर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पराग सोनवणे ने बताया कि विशेष अभियान चलाकर आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश जारी है।
शादी का झांसा देकर 31 लाख की ठगी, आरोपी फरार
