रायपुर पहुंचे जापान के प्रतिनिधिमंडल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की मुलाकात

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने आज सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री साय ने अपने जापान प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की उद्योगोन्मुखी और निवेश प्रोत्साहनकारी नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जापान तकनीकी दृष्टि से अग्रणी है और वहां की विशेषज्ञता छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति की सराहना की और राज्य में निवेश के लिए अनुकूल और पारदर्शी वातावरण के लिए प्रसन्नता व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में अपने निवेश को और बढ़ाने की इच्छा भी जताई। इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफसेनल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित तथा हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी के. डी. दीवान उपस्थित थे।