राजस्थान में भीषण गर्मी का प्रकोप, कई जिलों में अगले दो दिन लू का अलर्ट जारी

Follow Us

जयपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि राजस्थान के कई जिलों में अगले दो दिनों तक भीषण लू का प्रकोप रहेगा। अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली और बीकानेर समेत कई जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 25 और 26 अप्रैल को राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की और वृद्धि होने की संभावना है। राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, आगामी दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तूफान, तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जिससे मौसम में राहत मिल सकती है। शनिवार को सीकर, चूरू, झुंझुनू और नागौर के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अत्यधिक गर्मी दर्ज की गई। बाड़मेर में 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि जयपुर में इस मौसम का सबसे गर्म दिन देखा गया। अलवर प्रशासन ने गर्मी से राहत के लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव किया। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी और धूल भरी हवाएं भी देखी गईं, लेकिन तापमान अभी भी असहज स्तर पर बना हुआ है। राजस्थान के अजमेर, टोंक, करौली, दौसा, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, जालौर और पाली जैसे शहरों में अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है।