रायपुर। ऑनलाइन सट्टा एप ‘3 Stumps’ से जुड़े कथित बड़े नेटवर्क पर रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में एप से जुड़े मास्टरमाइंड और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बाबू खेमानी के घर और अन्य ठिकानों पर क्राइम ब्रांच और गंज थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई में डीएसपी और टीआई समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच टीम ने घर की तलाशी ली और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सट्टा नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की आशंका के बाद की गई है। पुलिस को प्रारंभिक जांच में कुछ ऐसे डिजिटल रिकॉर्ड और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।
इसके अलावा, विदेशी नेटवर्क से जुड़े संभावित संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी का उद्देश्य पूरे सट्टा रैकेट की कड़ियों को जोड़ना और उसके संचालन तंत्र का खुलासा करना है। पुलिस टीम लगातार तलाशी अभियान में जुटी हुई है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई के बाद शहर में सट्टा नेटवर्क को लेकर हलचल तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि, जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
