कलेक्टर ने किसानों से की सीधी संवाद, योजनाओं का लाभ उठाने के लिए किया प्रेरित

Follow Us

बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा गुरुवार को बलौदाबाजार विकासखंड के विभिन्न गांवों के दौरे पर रहे। इस दौरान वे नवीन प्राथमिक सहकारी समिति पनगांव पहुंचे, जहां उन्होंने नई समिति के गठन पर बधाई दी और प्रभारी प्रबंधक को पंजीयन प्रमाण पत्र सौंपा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति के कर्मचारियों से किसानों की संख्या, पुराने समिति से शिफ्टिंग और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी पात्र किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) बनाने और समिति में माइक्रो एटीएम की सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को बैंकिंग सेवाएं आसानी से मिल सकें। कलेक्टर ने किसानों से सीधे संवाद करते हुए बताया कि नई समिति बनने से अब उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा। यहां जल्द ही माइक्रो एटीएम सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसान 20 हजार रुपये तक नकद राशि निकाल सकेंगे। साथ ही खाद-बीज का वितरण भी यहीं से किया जाएगा। उन्होंने किसानों को शासन की शून्य प्रतिशत ब्याज योजना का लाभ उठाने के लिए KCC बनवाने के लिए प्रेरित किया। किसानों ने बताया कि पहले उनका गांव बिटकुली समिति के अंतर्गत आता था, जिससे खाद-बीज और ऋण के लिए दूर जाना पड़ता था। अब पनगांव में नई समिति बनने से उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सभी सुविधाएं मिलेंगी। जानकारी के अनुसार, बिटकुली समिति से पनगांव समिति में किसानों के खातों का स्थानांतरण किया जा रहा है, जिसमें करीब 347 किसानों को शामिल किया जाएगा।