20 हजार नौकरियों का मौका, मगर 8440 कर्मचारी घटे… इंफोसिस के आंकड़ों ने चौंकाया

Follow Us

आईटी दिग्गज इन्फोसिस (Infosys) से एक साथ दो चौंकाने वाली खबरें सामने आ रही हैं। एक तरफ जहां कंपनी ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 20,000 कॉलेज ग्रेजुएट्स को भर्ती करने का बड़ा लक्ष्य रखा है, वहीं दूसरी ओर चालू वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कर्मचारियों की संख्या में 8,440 की भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले छह तिमाहियों से लगातार बढ़ रही वर्कफोर्स में यह अचानक आई कमी बाजार के लिए चर्चा का विषय बन गई है। जनवरी-मार्च तिमाही के अंत तक कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या घटकर 3,28,594 रह गई है, साथ ही एट्रिशन रेट (नौकरी छोड़ने की दर) भी मामूली बढ़कर 12.6% पहुंच गया है।

कंपनी के सीएफओ जयेश संघराजका के अनुसार, कर्मचारियों की संख्या में यह उतार-चढ़ाव काम के वॉल्यूम और यूटिलाइजेशन लेवल पर आधारित है। हालांकि, तिमाही आधार पर गिरावट के बावजूद सालाना आधार पर कंपनी ने 5,000 ज्यादा लोग जोड़े हैं। अन्य आईटी दिग्गजों की तुलना करें तो टीसीएस (TCS) और एचसीएल टेक (HCLTech) ने जहां अपनी टीम में नए सदस्य जोड़े हैं, वहीं इन्फोसिस और टेक महिंद्रा के वर्कफोर्स में कमी देखी गई है।

भले ही कर्मचारियों की संख्या घटी हो, लेकिन इन्फोसिस का मुनाफा उम्मीद से कहीं बेहतर रहा है। कंपनी का नेट प्रॉफिट 27.8% बढ़कर 8,501 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो विशषेज्ञों के अनुमानों को पीछे छोड़ देता है। इसके साथ ही, निवेशकों के लिए भी खुशबरी है—बोर्ड ने 25 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड की सिफारिश की है, जिसका भुगतान 25 जून तक कर दिया जाएगा। कुल मिलाकर, इन्फोसिस अपनी आंतरिक कार्यक्षमता (Efficiency) सुधारने पर जोर दे रही है, जिससे भविष्य में 20,000 नई भर्तियों का रास्ता साफ होगा।