डबल डेकर पुल से छलांग लगाकर युवती ने की आत्महत्या की कोशिश, हालत स्थिर, पहचान में जुटी पुलिस

Follow Us

पटना। बिहार की राजधानी पटना के पीरबहोर थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। अशोक राज पथ स्थित पटना कॉलेज के पास रमना रोड के नजदीक बने डबल डेकर पुल से करीब 22-23 वर्षीय अज्ञात युवती ने नीचे कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवती के शरीर पर चोटें आई हैं, लेकिन फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। पटना टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि युवती अभी पूरी तरह होश में नहीं है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई है। उसके पास से कोई मोबाइल फोन या पहचान पत्र नहीं मिला है। केवल एक सादा कागज बरामद हुआ है, लेकिन उसमें भी कोई ठोस जानकारी नहीं है। पुलिस का कहना है कि युवती के होश में आने के बाद ही उसकी पहचान और इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से जांच कर रही है।