भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई में नेशनल हाईवे पर नेहरू नगर चौक के पास रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार थार गाड़ी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, भिलाई के सुपेला क्षेत्र निवासी तीन दोस्त- आकाश केशरवानी, ऋतिक साहू और करण सिंह- एक ही वाहन में सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान नेहरू नगर चौक के पास चालक ने तेज रफ्तार में नियंत्रण खो दिया और थार वाहन हादसे का शिकार हो गया।
इस भीषण दुर्घटना में आकाश केशरवानी की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई। वहीं करण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल भिलाई के हाईटेक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। तीसरे युवक ऋतिक साहू को हल्की चोटें आई हैं और उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है कि, हादसा सिर्फ तेज रफ्तार का नतीजा था या कोई अन्य कारण भी जिम्मेदार है। इस हादसे ने एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
