कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया है। शहर के प्रतिष्ठित टेंट कारोबारी सुरेश चौहान, जो शनिवार से लापता थे, उनकी लाश सोमवार सुबह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे एक खेत में मिट्टी के मलबे में दबी हुई मिली। विकासनगर निवासी सुरेश चौहान क्षेत्र के एक जाने-माने व्यवसायी थे। शनिवार को वे अपनी गाड़ी लेकर घर से निकले थे, लेकिन जब देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस को सुरेश की गाड़ी उनके घर के पास ही खड़ी मिली, जबकि कुछ दूरी पर उनका पर्स बरामद हुआ, जिस पर खून के गहरे निशान थे। सोमवार सुबह जब ग्रामीणों ने खेत में मिट्टी के ढेर से संदिग्ध स्थिति में शव देखा, तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव को मलबे से बाहर निकालकर पंचनामा किया और पीएम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के बयान और मौके से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस इसे सोची-समझी साजिश और नृशंस हत्या मान रही है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदेही को हिरासत में लिया है, जिससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। शहर के एक लोकप्रिय व्यापारी की इस तरह बेरहमी से हत्या किए जाने के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस का दावा है कि, जल्द ही इस हत्याकांड की पूरी गुत्थी सुलझा ली जाएगी और आरोपियों के चेहरे बेनकाब होंगे।
