ओडिशा से दिल्ली जा रही ‘नशे वाली कार’ जब्त, 112 किलो गांजे के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

Follow Us

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पत्थलगांव पुलिस ने घेराबंदी कर एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो ओडिशा से नशे की खेप लेकर देश की राजधानी दिल्ली की ओर जा रहे थे।

पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि, एक कार में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने पत्थलगांव क्षेत्र में जाल बिछाया। जैसे ही संदिग्ध कार पुलिस के घेरे में आई, जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही तस्करों के होश उड़ गए। एक तस्कर ने भागने की कोशिश की और पास की झाड़ियों में छिप गया, लेकिन सतर्क पुलिस जवानों ने उसे फिल्मी अंदाज में पीछा कर दबोच लिया।

पुलिस की तलाशी में कार के भीतर से कुल 112 किलो उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 54 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि, नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पेशेवर तस्कर बताए जा रहे हैं, जो लंबे समय से ओडिशा-छत्तीसगढ़ रूट का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि, इस नेटवर्क के तार दिल्ली में किन-किन लोगों से जुड़े हैं। फिलहाल, दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।