जूस निकालते समय हुआ हादसा: मशीन की चपेट में आया 16 वर्षीय किशोर, चार उंगलियां बुरी तरह जख्मी

Follow Us

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें 16 वर्षीय नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार बाजार स्थित एक गन्ना जूस दुकान की है, जहां काम कर रहे किशोर रमाकांत का हाथ अचानक मशीन के रोलर में फंस गया। हादसे में उसके बाएं हाथ की चार उंगलियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और पूरा पंजा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी के कारण रमाकांत इस दुकान पर मजदूरी कर रहा था। घटना के समय वह रोज की तरह गन्ना जूस मशीन पर काम कर रहा था, तभी गन्ना डालते वक्त उसका हाथ मशीन में खिंच गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। रमाकांत की चीख सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और मशीन को बंद कराया। समय रहते मशीन बंद होने से बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद घायल किशोर को खून से लथपथ हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और पूरी तरह ठीक होने में समय लग सकता है।
इस घटना ने क्षेत्र में बाल श्रम को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी कम उम्र के बच्चे से खतरनाक मशीन पर काम करवाना नियमों के खिलाफ है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। बाल श्रम प्रतिषेध एवं विनियमन अधिनियम के तहत 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम करवाना और 18 वर्ष से कम उम्र के किशोरों को खतरनाक कार्यों में लगाना प्रतिबंधित है। बावजूद इसके, गन्ना जूस मशीन जैसे जोखिम भरे कार्यों में नाबालिगों की संलिप्तता प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े करती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ऐसे प्रतिष्ठानों पर नियमित निरीक्षण की भी आवश्यकता जताई गई है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। यह हादसा न केवल एक परिवार के लिए दुखद है, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि आर्थिक मजबूरी के चलते बच्चों को जोखिम भरे कार्यों में नहीं झोंका जाना चाहिए।