छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा गर्मी का कहर: 14 अप्रैल के बाद हीटवेव का अलर्ट, पारा 42°C तक पहुंचने की आशंका

Follow Us

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और अब गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है। राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में रायपुर के तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर और ज्यादा महसूस होने लगा है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और तेजी से उछाल देखने को मिलेगा। अनुमान है कि, प्रदेश का अधिकतम तापमान लगभग 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। खासकर रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में गर्मी का प्रभाव अधिक रहेगा।
विभाग ने चेतावनी दी है कि, 14 अप्रैल के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव यानी ग्रीष्म लहर चल सकती है। लगातार साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिन के समय गर्मी असहनीय होती जा रही है। हालांकि तापमान सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया है, लेकिन इसमें लगातार वृद्धि का ट्रेंड बना हुआ है।

पिछले एक दिन में प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। सबसे अधिक तापमान 38.4°C दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.0°C अंबिकापुर में दर्ज हुआ। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो मौसम में बदलाव का कारण बन रहा है।इसके बावजूद बारिश की संभावना कम ही बताई जा रही है। राजधानी रायपुर की बात करें तो आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 39°C और न्यूनतम तापमान लगभग 25°C के आसपास रह सकता है। कुल मिलाकर आने वाले दिन प्रदेश में तेज गर्मी और लू के संकेत दे रहे हैं, इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी होगा।