रायपुर। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माने जा रहे नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इस पहल को नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से जोड़ते हुए भाजपा नेत्री सरोज पांडेय ने कहा कि, अब तक महिलाओं को केवल वोटर के रूप में देखा जाता था, लेकिन 33 प्रतिशत आरक्षण के साथ वे अब निर्णय लेने वाली भूमिका में नजर आएंगी।
रायपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में सरोज पांडेय ने कहा कि, यह अधिनियम भारतीय राजनीति में बड़ा बदलाव लाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि, जिन क्षेत्रों में महिलाओं को काम करने का अवसर मिला है, वहां उन्होंने बेहतर परिणाम दिए हैं, और अब संसद में उनकी संख्या बढ़ने से नीतियों में भी सकारात्मक परिवर्तन दिखेगा। वहीं, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जानकारी दी कि, 15 अप्रैल को राजधानी के दीनदयाल ऑडिटोरियम में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस आयोजन में सामाजिक संगठनों की महिलाएं, स्थानीय प्रतिनिधि और युवा बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम के तहत नारी शक्ति पदयात्रा, बाइक और स्कूटी रैली जैसे आकर्षक आयोजन भी किए जाएंगे। साथ ही महिला सेलिब्रिटी और भाजपा महिला मोर्चा की सक्रिय भागीदारी रहेगी। यह पूरा अभियान महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने और उन्हें राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने पर केंद्रित रहेगा। भाजपा का मानना है कि, यह सिर्फ एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं के लिए नए युग की शुरुआत है, जहां वे नेतृत्व की भूमिका में देश की दिशा तय करेंगी।
