बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मस्तूरी गोलीकांड के आरोपियों का दबंग अंदाज में बनाया गया रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में आरोपियों को किसी फिल्मी डॉन की तरह पेश किया गया है, जिससे जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह रील आरोपियों से मिलने आए कुछ लोगों ने मुलाकात कक्ष के बाहर से बनाया और बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में आरोपियों का रौबदार अंदाज दिखाया गया है, जो अब चर्चा का विषय बन गया है। गौरतलब है कि, करीब पांच महीने पहले मस्तूरी क्षेत्र में कांग्रेस नेता नितेश सिंह पर उनके कार्यालय में फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में युवा कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत और उसके साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वर्तमान में सभी आरोपी बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं।
रील वायरल होते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल अधीक्षक ने तत्काल सख्त कदम उठाए हैं। आरोपियों से मिलने-जुलने पर फिलहाल रोक लगा दी गई है और मुलाकात कक्ष में तैनात स्टाफ को हटा दिया गया है। इसके अलावा, रील बनाने और वायरल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सुरक्षा को और कड़ा करते हुए अब जेल में आने वाले सभी लोगों की मेटल डिटेक्टर से जांच अनिवार्य कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि,इससे पहले भी जेल में अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में इस वायरल रील ने एक बार फिर पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
