रात के अंधेरे में बड़ी वारदात, घर से 20 लाख के जेवर-नकदी पार, गांव में दहशत

Follow Us

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के बहेराडीह गांव में बीती रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

जानकारी के मुताबिक, बहेराडीह निवासी गजराज सिंह चंद्रा के घर को चोरों ने देर रात अपना निशाना बनाया। उस समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे या सो रहे थे, इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर में प्रवेश किया और अलमारी व संदूकों को खंगाल डाला। चोर बड़ी सफाई से कीमती सामान समेटकर फरार हो गए।

पीड़ित परिवार ने बताया कि, चोर करीब 15 तोला सोना और 85 तोला चांदी के जेवरात के साथ लगभग 60 हजार रुपए नकद लेकर भाग गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी जा रही है। घटना का पता सुबह उस समय चला, जब परिवार के लोगों ने घर का सामान बिखरा हुआ देखा और अलमारी खुली पाई।

सूचना मिलते ही जैजैपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए संभावित आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों का जल्द ही सुराग लगा लिया जाएगा। इसके लिए आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। इस घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। वही, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही खुलासा करने का दावा कर रही है।