IPL सट्टा रैकेट का बड़ा खुलासा: बलौदाबाजार पुलिस ने 16 आरोपियों को किया गिरफ्तार, हिमाचल से संचालित हो रहा था नेटवर्क

Follow Us

बलौदाबाजार। आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा चलाने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का बलौदाबाजार पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह नेटवर्क छत्तीसगढ़ के भाटापारा से लेकर हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले तक फैला हुआ था और किराए के मकानों से देशभर में सट्टेबाजी संचालित की जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 लाख रुपये से अधिक के मोबाइल, लैपटॉप, सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। मामले का खुलासा एसपी भावना गुप्ता ने किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों को जोड़कर बड़े स्तर पर अवैध सट्टा कारोबार चला रहे थे।

अजय बतरा के मोबाइल की तकनीकी जांच में “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए सट्टा संचालन का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि इस आईडी के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में बैठा एक बड़ा गिरोह देशभर में ऑनलाइन सट्टा चला रहा था। इसके बाद भाटापारा पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवानू क्षेत्र में दबिश दी। वहां एक किराए के मकान में चल रहे सट्टा ऑपरेशन का भंडाफोड़ करते हुए 16 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, नेपाल व छत्तीसगढ़ के हैं।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 लैपटॉप, 2 आईपैड, 48 मोबाइल फोन, 9 एटीएम कार्ड, 2 बैंक खाते सहित करीब 50 लाख रुपये से अधिक के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी “RUVIBET” पैनल आईडी के जरिए Branch-08, Branch-27 और Branch-35 लिंक बनाकर पूरे भारत में ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे।

मामले में पहले से दर्ज अपराध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। भाटापारा शहर थाना पुलिस की मजबूत सूचना तंत्र और तकनीकी जांच के चलते इस बड़े अंतरराज्यीय सट्टा गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।