जगदलपुर। छतीशगढ के जगदलपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग को निशाने पर लिया है। शुक्रवार को राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने साड़ी खरीदी को लेकर कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया, जिससे सियासत गरमा गई है।
दीपक बैज ने कहा कि, विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बड़ी संख्या में साड़ियों की खरीदी की गई, लेकिन इनकी गुणवत्ता बेहद खराब है। उनके अनुसार करीब 1 लाख 94 हजार से अधिक साड़ियां खरीदी गईं, जो उपयोग के लायक नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि, यह खरीदी प्रक्रिया पारदर्शिता से दूर और अनियमितताओं से भरी हुई है।
कांग्रेस नेता ने सिर्फ साड़ी खरीदी ही नहीं, बल्कि अन्य सामग्री जैसे सेनेटरी पैड, ग्रीन बोर्ड और आरओ मशीनों की खरीदी में भी गड़बड़ी होने का दावा किया उन्होंने कहा कि, इन सभी मामलों में भ्रष्टाचार की आशंका है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बैज ने राज्य सरकार से सीधे सवाल करते हुए पूछा कि, क्या इन आरोपों की जांच कराई जाएगी या फिर मामले को दबाने की कोशिश की जाएगी।
उन्होंने कहा कि, यदि जांच नहीं कराई गई, तो कांग्रेस इस मुद्दे को और जोर-शोर से उठाएगी। इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और अब यह देखना होगा कि, सरकार इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देती है। फिलहाल इस मामले ने प्रशासनिक पारदर्शिता और सरकारी खरीदी प्रक्रियाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
