आयुष विवि मंच से बृजमोहन अग्रवाल का सरकार पर सवाल, डॉक्टरों की कमी को बताया बड़ी चुनौती

Follow Us

रायपुर। आयुष विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों की कमी को गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में बड़ी संख्या में डॉक्टरों के पद खाली हैं, जिससे न केवल स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं बल्कि मेडिकल शिक्षा की गुणवत्ता पर भी असर पड़ रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में करीब 1700 डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। ऐसे में नए मेडिकल कॉलेज खोलने की योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब मौजूदा संस्थानों में ही डॉक्टरों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है, तो नए कॉलेजों के लिए संसाधन कहां से आएंगे। उन्होंने इसे नीति स्तर पर गंभीर विचार का विषय बताया।

साथ ही उन्होंने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि गांवों में आज भी समय पर डॉक्टर नहीं मिल पाते, जिससे मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि योजनाओं और घोषणाओं के बावजूद जमीनी स्तर पर सुधार की गति धीमी है। आपको बता दें की अग्रवाल ने सरकार से आग्रह किया कि नए संस्थान खोलने से पहले मौजूदा स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत किया जाए, डॉक्टरों की कमी दूर की जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।