दो मासूम हुए अनाथ: पत्नी की हत्या कर पति ने की खुदकुशी

Follow Us

कोंडागांव। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया, जिससे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, कोकोडी गांव निवासी धनेश्वर नेताम अपनी पत्नी सुखबती नेताम के साथ किसी काम से बनियागांव गए हुए थे। गुरुवार देर रात दोनों जब वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी बल्लारी नाला के पास किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया।

गुस्से में आकर धनेश्वर नेताम ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में सुखबती नेताम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से भागने के बजाय वहीं ठहर गया और कुछ ही देर बाद उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों के अनुसार, दंपति के बीच पहले भी आपसी विवाद की बातें सामने आती रही थीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि, मामला इतना भयावह रूप ले लेगा। अचानक हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने न सिर्फ परिवार को खत्म कर दिया, बल्कि दो मासूम बच्चों को अनाथ कर दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।