गुणवत्ता से समझौता नहीं, कलेक्टर ने इंजीनियर-ठेकेदारों पर कसा शिकंजा

Follow Us

मुंगेली। जिले में चल रहे निर्माण एवं अधोसंरचना कार्यों को लेकर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। नगर पालिका क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि, किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन स्विमिंग पूल का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने इसकी ड्राइंग, डिजाइन और लागत की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि, इसे आधुनिक और आकर्षक स्वरूप दिया जाए। कलेक्टर ने कहा कि, अन्य राज्यों और छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट स्विमिंग पूलों का अध्ययन कर बेहतर सुविधाओं के साथ इसका निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह आम नागरिकों और खिलाड़ियों के लिए उपयोगी साबित हो सके।

इसके बाद गौरव पथ निर्माण कार्य में धीमी गति और काम के लंबे समय से रुके होने पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने को कहा, विशेषकर बारिश के मौसम से पहले, ताकि शहरवासियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

कलेक्टर ने नालंदा परिसर निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और इसकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि, यह परिसर जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं को आईएएस और आईपीएस जैसे उच्च पदों तक पहुंचने के अवसर मिलेंगे।

 

इसके अलावा, नए नगरपालिका भवन के लिए चिन्हित स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने डिजाइन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि, भविष्य में नगर निगम बनने की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए भवन का निर्माण आधुनिक सुविधाओं से युक्त होना चाहिए। साथ ही शहर में एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।

मुंगेली प्रवेश द्वार की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गेट की गुणवत्ता सुधारने और आसपास की सड़कों को दुरुस्त करने को कहा, साथ ही इसे शहर की पहचान के रूप में आकर्षक स्वरूप देने पर जोर दिया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि, जिले में सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।