कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दौरे में है। इस दौरान वह विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का घोषणापत्र जारी कर रहे हैं। पार्टी ने इसे भरोसे का पत्र नाम दिया है। जहां घोषणापत्र में समाज के सभी वर्गों को शामिल किए जाने की उम्मीद है। हालांकि इसमें महिलाओं के विकास, किसानों और युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अपनी यात्रा से पहले अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से त्रस्त है और इस बार परिवर्तन चाहता है। आपको बता दें की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी का घोषणापत्र जारी करते हुए इसे ‘भरोसे का पत्र’ बताया। उन्होंने कहा कि यह संकल्प पत्र राज्य के हर वर्ग की उम्मीदों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और मौजूदा निराशा के माहौल से बाहर निकलने का रास्ता दिखाएगा।
वहीं अमित शाह के अनुसार, इस घोषणापत्र में किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में आ रही चुनौतियों से जूझ रहे किसानों को इससे नई दिशा मिलेगी, जबकि युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी खास जोर दिया गया है। इसके साथ ही बंगाल की सांस्कृतिक पहचान और गौरव को पुनर्स्थापित करने की बात भी इसमें प्रमुख रूप से शामिल है। गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया टीएमसी से त्रस्त बंगाल अब परिवर्तन चाहता है। शुक्रवार को कोलकाता में टीएमसी के भय राज से बंगाल को मुक्त करने के आधार भाजपा के संकल्प पत्र का विमोचन करूंगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वे शुक्रवार को पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, खड़गपुर में रोड-शो के माध्यम से जनता से जुड़ेंगे। उन्होंने पोस्ट में लिखा ‘प्रदेश के बहनों-भाइयों के बीच रहने के लिए उत्सुक हूं।’ भाजपा के इस संकल्प पत्र में कई बड़े वादे शामिल किए जा सकते हैं। कल्याणकारी योजनाओं के मोर्चे पर भाजपा ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के लाभार्थियों को प्रति माह 3,000 रुपए की वित्तीय सहायता देने का वादा कर सकती है।
इसके साथ ही, प्रस्तावित ‘युवा साथी’ कार्यक्रम के तहत बेरोजगार युवाओं को भी इसी तरह की मासिक सहायता देने का वादा किया जा सकता है। राज्य सरकार के कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करते हुए पार्टी सत्ता में आने के 45 दिनों के भीतर महंगाई भत्ते के सभी लंबित बकाए का भुगतान करने का वादा भी कर सकती है। भाजपा का लक्ष्य पिछले 15 वर्षों के कथित भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को खत्म करना है। पार्टी एक पारदर्शी और रोजगार देने वाली सरकार का वादा कर रही है। बाहर काम करने वाले मजदूरों को वापस लाना और स्थानीय स्तर पर नौकरियां देना मुख्य लक्ष्य है। प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल की संस्कृति और विरासत को ध्यान में रखकर यह विजन तैयार किया गया है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, एमएसएमई, बुनियादी ढांचे और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर लोगों से सुझाव मांगे थे। पार्टी का मानना है कि यह संकल्प पत्र बंगाल के लोगों के सपनों को पूरा करने का रास्ता बनेगा।
