चेन्नई। तमिलनाडु सचिवालय के इतिहास में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) अब फोर्ट सेंट जॉर्ज की ऐतिहासिक इमारत से निकलकर नामक्कल कविग्नर मालिगई (NKM) की 10वीं मंजिल पर शिफ्ट किया जाएगा। करीब छह दशक बाद मुख्यमंत्री कार्यालय का स्थान बदलेगा। अधिकारियों के मुताबिक, इस बदलाव का मुख्य कारण मौजूदा कार्यालय में जगह की कमी है। मुख्यमंत्री से मिलने आने वाले अधिकारियों, प्रतिनिधिमंडलों और आम लोगों की बढ़ती संख्या के चलते नए स्थान की जरूरत महसूस की जा रही थी। सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाना है।
लोक निर्माण विभाग ने नए कार्यालय की तैयारी शुरू कर दी है। 10वीं मंजिल पर मौजूद भोजन कक्ष को सीएमओ में बदला जाएगा। इसके लिए वहां के फर्नीचर और अन्य व्यवस्थाओं को हटाया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत कुछ विभागों को भी दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा। नामक्कल कविग्नर मालिगई का निर्माण 1975 में हुआ था और यह राज्य सचिवालय के प्रमुख प्रशासनिक केंद्रों में शामिल है। इससे पहले भी तमिलनाडु में सचिवालय के स्थान को लेकर कई बड़े बदलाव हो चुके हैं। यह शिफ्टिंग राज्य के प्रशासनिक इतिहास में एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है।
