मियामी। मेजर लीग सॉकर (MLS) में इंटर मियामी सीएफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिकागो फायर एफसी को 3-2 से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की। घरेलू मैदान पर मिली इस जीत में टीम के स्टार स्ट्राइकर लुइस सुआरेज सबसे बड़े हीरो रहे, जिन्होंने दो शानदार गोल किए। मुकाबले की शुरुआत शिकागो फायर के पक्ष में रही और टीम ने 18वें मिनट में बढ़त बना ली।
हालांकि इंटर मियामी ने जल्द वापसी की। 26वें मिनट में मिले पेनल्टी को सुआरेज ने गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया। दूसरे हाफ में सुआरेज ने एक बार फिर अपनी काबिलियत दिखाई और 51वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इस गोल में जर्मन बर्टेराम के शानदार बैकहील असिस्ट का अहम योगदान रहा।
शिकागो फायर ने मुकाबले में वापसी करते हुए 67वें मिनट में स्कोर 2-2 कर दिया, लेकिन इंटर मियामी ने हार नहीं मानी। मैच के आखिरी दौर में युवा खिलाड़ी प्रेस्टन प्लैम्बेक ने 87वें मिनट में गोल कर टीम की जीत पक्की कर दी। इस मुकाबले के साथ सुआरेज ने इंटर मियामी के लिए 100 मैच पूरे किए और क्लब के लिए 50 गोल का आंकड़ा भी पार किया। वह क्लब इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।
