भारत-जिम्बाब्वे मुकाबलों में सिर्फ एक बल्लेबाज ने लगाया शतक, अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज है रिकॉर्ड

Follow Us

नई दिल्ली। भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए टी20 मुकाबलों में कई यादगार पारियां देखने को मिली हैं, लेकिन अब तक सिर्फ एक बल्लेबाज ही शतक लगाने में सफल हुआ है। यह रिकॉर्ड भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज है, जिन्होंने 7 जुलाई 2024 को हरारे में शानदार शतकीय पारी खेली थी।

उस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए थे। शुरुआती झटके के बाद अभिषेक शर्मा ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ बड़ी साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अभिषेक ने 47 गेंदों में 100 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने 77 रन और रिंकू सिंह ने नाबाद 48 रन बनाकर टीम का स्कोर 234 तक पहुंचाया।

जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 134 रन पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया। भारतीय गेंदबाज मुकेश कुमार और आवेश खान ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। भारत-जिम्बाब्वे टी20 इतिहास में दो बल्लेबाज शतक के करीब जरूर पहुंचे, लेकिन तीन अंकों का आंकड़ा नहीं छू सके। जिम्बाब्वे के ब्रायन बेनेट ने 97 रन और भारत के यशस्वी जायसवाल ने नाबाद 93 रन की पारी खेली, लेकिन दोनों शतक से चूक गए।