जम्मू। खराब मौसम के कारण छह दिनों से बंद चल रही श्री अमरनाथ यात्रा शनिवार को फिर से शुरू हो गई। यात्रा बहाल होने के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से 18वां जत्था बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुआ। प्रशासन ने भारी बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया था। मौसम में सुधार के बाद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए दोबारा यात्रा शुरू करने का फैसला लिया गया।
यात्रा शुरू होते ही बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के चेहरे पर खुशी नजर आई। कई भक्तों ने कहा कि उनका इंतजार अब खत्म हुआ है और वे भगवान शिव के दर्शन को लेकर उत्साहित हैं। एक श्रद्धालु ने बताया कि वह बारिश के बावजूद बाबा अमरनाथ के दर्शन की इच्छा लेकर यहां पहुंचे हैं। वहीं, कुछ यात्रियों ने कहा कि छह दिनों तक यात्रा रुके रहने से उन्हें इंतजार करना पड़ा, लेकिन अब यात्रा शुरू होने से सभी काफी खुश हैं। देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की भी सराहना की। यात्रा दोबारा शुरू होने के साथ ही बाबा बर्फानी के भक्तों का उत्साह और आस्था फिर से चरम पर है।
