सरिया। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ और सरिया थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने 10.761 किलोग्राम गांजे के साथ ओडिशा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई 12 सितंबर 2026 को सरिया थाना क्षेत्र के मेन रोड पर की गई। पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजा के अलावा टोयोटा कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 8 लाख 26 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, सरिया थाने के सामने वाहनों की जांच के दौरान ग्रे रंग की टोयोटा कार क्रमांक OD 05 H 6165 को रोककर उसमें सवार तीन लोगों से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान कार के बोनट के अंदर बांधकर रखे गए 10 पैकेट मिले, जिनमें कुल 10.761 किलो गांजा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम बाबू चौधरी (28), विक्की सहनी (29) और जितेन्द्र चौधरी (32), सभी बरगढ़, ओडिशा निवासी के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर सरिया के रास्ते प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जा रहे थे। मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके बाद न्यायालय में पेश करने पर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जिले में अभियान आगे भी जारी रहेगा।
