पेट्रोल से रु.20 सस्ता: देश में लॉन्च हुआ ‘E85 फ्लेक्स फ्यूल’, जानें किन गाड़ियों में होगा इस्तेमाल

Follow Us

नई दिल्ली। वैश्विक तनाव के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से परेशान आम जनता के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर आई है। सरकार ने देश में आधिकारिक तौर पर ‘E85 फ्लेक्स फ्यूल’ लॉन्च कर दिया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने दिल्ली के पूसा रोड पर देश के पहले E85 एथेनॉल-ब्लेंडेड ईंधन स्टेशन का उद्घाटन किया। यह नया ईंधन मौजूदा E20 पेट्रोल की तुलना में पूरे 20 रुपये प्रति लीटर सस्ता मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि एथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल के इस्तेमाल से देश अब तक करीब 1.85 लाख करोड़ रुपये की बड़ी बचत कर चुका है। E85 ईंधन के आने से जहां जहरीले उत्सर्जन में भारी कमी आएगी और शहरों की हवा साफ होगी, वहीं विदेशी कच्चे तेल के आयात पर भारत की निर्भरता भी काफी हद तक घटेगी।

हरदीप सिंह पुरी ने साफ किया कि E20 और E85 दो बिल्कुल अलग कैटेगरी के ईंधन हैं। E85 ईंधन में 85 प्रतिशत एथेनॉल और सिर्फ 15 प्रतिशत पेट्रोल का मिश्रण होता है। इसलिए इसका इस्तेमाल सामान्य गाड़ियों में नहीं, बल्कि सिर्फ विशेष रूप से निर्मित ‘फ्लेक्स फ्यूल’ (Flex-Fuel) गाड़ियों में ही किया जा सकेगा।