हजारीबाग हाईवे पर दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर, लगी भीषण आग

Follow Us

हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में पदमा ओपी थाना क्षेत्र के इटखोरी मोड़ के पास गुरुवार को दो मालवाहक ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंजन से निकली चिंगारी ने कुछ ही पलों में दोनों वाहनों को आग की लपटों में घेर लिया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। दोनों ट्रकों के चालक और सह-चालक समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक में भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक लदा था, जबकि दूसरे ट्रक में स्पंज सामग्री भरी हुई थी। टक्कर के तुरंत बाद आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते लपटें ऊंची उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी संचित दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर रांची-पटना रोड पर यातायात रोक दिया गया। आग पर काबू पाने के लिए बरही से दमकल की टीम को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। हालांकि तब तक कोल्ड ड्रिंक से भरा ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। हादसे के चलते करीब दो घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर ‘वन-वे’ मार्ग से यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।