PL 2026 के 5 सबसे बड़े ‘विलेन’: करोड़ों की कीमत पर लगे ‘जीरो’, अपनी ही टीमों के लिए बने सबसे बड़ा सिरदर्द!

Follow Us

IPL 2026 में जहाँ एक तरफ युवा खिलाड़ियों का बोलबाला है, वहीं दूसरी तरफ पांच ऐसे दिग्गज नाम सामने आए हैं जो अपनी टीमों के लिए ‘बोझ’ साबित हो रहे हैं। भारी-भरकम कीमत पर रिटेन किए गए ये धुरंधर इस सीजन के 31 मैचों के सफर के बाद भी पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं। मुंबई इंडियंस के स्टार सूर्यकुमार यादव इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं, जो कभी दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज थे, लेकिन इस बार 6 मैचों में महज 20.16 की औसत से सिर्फ 121 रन ही बना सके हैं। उनके बल्ले की चमक गायब है और वे हाल ही में ‘गोल्डन डक’ का भी शिकार हुए। इसी तरह लखनऊ सुपर जायंट्स के सबसे महंगे खिलाड़ी निकोलस पूरन का हाल भी बुरा है; 6 मैचों में केवल 51 रन बनाने वाले पूरन का औसत गिरकर 8.50 रह गया है, जो टीम की हार की बड़ी वजह बन रहा है।

चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी संभाल रहे ऋतुराज गायकवाड़ के बल्ले को भी इस सीजन जैसे जंग लग गया है। 6 पारियों में मात्र 91 रन बनाने वाले गायकवाड़ की धीमी बल्लेबाजी ने सीएसके को पॉइंट्स टेबल में 8वें स्थान पर धकेल दिया है। वहीं राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग भी उम्मीदों पर पानी फेर रहे हैं; कप्तानी के बोझ तले दबे पराग 6 मैचों में केवल 63 रन बना पाए हैं और अहम मौकों पर अपना विकेट फेंक कर जा रहे हैं। आरसीबी के लिए पिछले सीजन के हीरो रहे जितेश शर्मा भी इस बार फिनिशर के रूप में पूरी तरह विफल रहे हैं, जिनके बल्ले से 6 पारियों में केवल 66 रन निकले हैं। इन करोड़ों वाले ‘फुस्स पटाखों’ की वजह से न केवल फैंस निराश हैं, बल्कि उनकी टीमों के लिए प्लेऑफ की राह भी कठिन होती जा रही है।