बालोद । जिले के देवरी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई को खैरा गांव निवासी हीरामन सिंह (51) और उसके पुत्र कामेंद्र सिन्हा (26) ने पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही हितेश सिन्हा पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में हितेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर में 20 से अधिक फ्रैक्चर आए।
घायल हितेश को पहले देवरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
