आपसी विवाद में युवक की हत्या: 3 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार।

Follow Us

दुर्ग।जिले के थाना अण्डा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खाड़ा में आपसी विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। घटना 12 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे स्कूल पारा इलाके में हुई। बताया गया कि लंबे समय से गुजरात में रहने वाले शम्भू निषाद उर्फ देवचरण (लगभग 45 वर्ष) गांव लौटे थे, तभी उनका संतोष कुमार यादव और रोहित कुमार यादव से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें आरोपियों ने हाथ-मुक्का और लात-घूँसे से शम्भू पर हमला किया। गंभीर रूप से घायल शम्भू को परिजनों ने तुरंत जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचाया, लेकिन 13 अप्रैल को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर थाना अण्डा पुलिस ने अपराध क्रमांक 40/2026, धारा 103, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन कर तलाश तेज की और मात्र 3 घंटे के भीतर संतोष कुमार यादव को कुथरेल क्षेत्र से और रोहित कुमार यादव को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू हुई। पुलिस ने कहा कि यह पूरी घटना आपसी विवाद का परिणाम थी, जो हिंसक रूप ले गई। विस्तृत जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। थाना प्रभारी ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी विवाद में कानून को हाथ में न लें और आपराधिक गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।