रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार को एक युवक साउथ बिहार एक्सप्रेस के सामने आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रेन को करीब 15 मिनट तक रोकना पड़ा।
सूचना मिलते ही रेलवे और खमतराई थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
घटना के कारण कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई कर स्थिति को सामान्य किया।
खमतराई थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ट्रेन के सामने कैसे आया। घटना के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
