म्यांमार बॉर्डर पर बांग्लादेश लगाएगा 108 KM. लंबी बाड़, भारत की सीमा पर ऐसे कदमों का करता रहा है विरोध

Follow Us

ढाका। भारत के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कंटीले तारों की बाड़ लगाने को लेकर लंबे समय से आपत्ति जताने वाला बांग्लादेश अब म्यांमार सीमा पर सुरक्षा घेरा तैयार करने जा रहा है। बांग्लादेश सरकार ने म्यांमार से लगी सीमा पर करीब 108 किलोमीटर लंबी कंटीले तारों की बाड़ लगाने की योजना बनाई है। बांग्लादेश सरकार के अनुसार, इस फैसले का उद्देश्य सीमा पार से होने वाली अवैध घुसपैठ, अपराध और तस्करी पर रोक लगाना है। बांग्लादेश और म्यांमार के बीच करीब 271 किलोमीटर लंबी सीमा है, जिसमें संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बांग्लादेश सरकार सीमा पर निगरानी बढ़ाने के लिए बाड़ के अलावा सीमावर्ती सड़कों, ड्रोन और नाइट-विजन कैमरों के इस्तेमाल की भी योजना बना रही है। बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद पहले ही इस योजना की घोषणा कर चुके हैं। यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब बांग्लादेश लंबे समय से भारत की ओर से पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों से लगी सीमा पर बाड़ लगाने की प्रक्रिया का विरोध करता रहा है। भारत का कहना है कि सीमा सुरक्षा, अवैध घुसपैठ, तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए बाड़ जरूरी है। म्यांमार सीमा पर सुरक्षा बढ़ाने के पीछे रोहिंग्या संकट और म्यांमार के रखाइन क्षेत्र में सक्रिय समूहों से जुड़ी चिंताओं को भी एक कारण माना जा रहा है। बांग्लादेश को आशंका है कि अस्थिर हालात का असर उसकी सीमा सुरक्षा पर पड़ सकता है।