दुर्ग। अमलेश्वर थाना क्षेत्र स्थित सातपाखर नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रायपुर के कोटा क्षेत्र स्थित छोटा भवानी नगर निवासी कृष्ण राव के रूप में हुई है। वह 12 जुलाई की शाम अपने आठ दोस्तों के साथ नदी घूमने और नहाने गया था। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शाम करीब 4 बजे नौ दोस्तों का समूह सातपाखर नदी पहुंचा था। इनमें से छह युवक नदी में नहाने उतरे, लेकिन कुछ देर बाद केवल पांच युवक ही बाहर लौटे। कृष्ण राव के वापस नहीं आने पर उसके दोस्तों और परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर रात परिजनों ने गंज थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
परिजन और अन्य युवक घटनास्थल पर पहुंचे और नदी में तलाश के दौरान कृष्ण राव का शव पानी में तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने लोगों से नदी, तालाब और अन्य जल स्रोतों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
