मरवाही। कोटमी सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी हत्याकांड के बाद उनके भाई को व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजने वाले युवक को पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रियांशु सिंह (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रदीप सोनी की हत्या के बाद उनके भाई मनोज सोनी को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजा गया था। संदेश में आरोपी ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करते हुए परिवार को धमकाया था। बाद में उसी चैट पर माफी भी मांगी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पेंड्रा पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच कर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बिलासपुर रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी का सराफा कारोबारी हत्याकांड से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। हालांकि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी भरा संदेश गुमराह करने के उद्देश्य से भेजा गया था या इसके पीछे कोई अन्य साजिश है।
सराफा कारोबारी हत्याकांड के बाद धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार
