बंगाल में सियासी मतभेदों से ऊपर उठीं पूर्व सीएम की पत्नी: सीएम शुभेंदु अधिकारी के काम की मुरीद हुईं मीरा भट्टाचार्य, जमकर की तारीफ

Follow Us

कोलकाता। राजनीति में अक्सर कड़वाहट और मतभेद देखने को मिलते हैं, लेकिन जब कोई सरकार राज्य के हित में बेहतरीन काम करती है, तो उसकी तारीफ दलगत राजनीति से ऊपर उठकर होती है। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी अपने चुनावी वादों को जिस तेजी से जमीन पर उतार रहे हैं, उसकी हर तरफ सराहना हो रही है। इसी कड़ी में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज वामपंथी नेता दिवंगत बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य ने नई सरकार के कामकाज की खुलकर तारीफ की है और सीएम की ‘वचनबद्धता’ की सराहना की है।

एक बांग्ला मीडिया को दिए इंटरव्यू में मीरा भट्टाचार्य ने कहा कि नई सरकार ने बेहद कम समय में जनता से किए वादों पर ईमानदारी से काम करना शुरू कर दिया है, जो वाकई काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने सिंगूर विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि यदि यह सरकार वहां दोबारा उद्योग स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाती है, तो इसका स्वागत होना चाहिए ताकि राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर न भटकना पड़े। मीरा भट्टाचार्य ने साफ किया कि जो भी सरकार जनता की भलाई और शांति के लिए काम करेगी, उसका सम्मान होना चाहिए।