नकली नोट से शराब खरीदने पहुंचा युवक गिरफ्तार, 500 रुपये के एक ही सीरियल नंबर वाले 4 नोट जब्त

Follow Us

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में नकली नोट से शराब खरीदने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के चार नकली नोट बरामद हुए हैं, जिनका सीरियल नंबर एक ही पाया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को सूचना मिली थी कि एक युवक देशी शराब दुकान अकलतरा में 500 रुपये का नकली नोट देकर शराब खरीदने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सत्येन्द्र कुमार कुर्रे उर्फ सत्यम कुर्रे निवासी ग्राम दोमुहानी, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के चार नोट बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद नोटों की जांच स्टेट बैंक, अकलतरा में कराई, जहां सभी नोट नकली पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि चारों नोटों का सीरियल नंबर एक ही था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ये नकली नोट रायपुर से लेकर आया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 180 के तहत अपराध क्रमांक 423/2026 दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोट कहां से आए और इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।