धोखाधड़ी के आरोपों से घिरे युवक का अपहरण, बालको इलाके से उठाकर ले गए बदमाश

Follow Us

कोरबा। पुरानी बस्ती से जुड़े एक युवक का बीती रात बालको क्षेत्र से कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। बताया जा रहा है कि करीब आधा दर्जन लोग एक चार पहिया वाहन में पहुंचे और युवक को जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान विजय सिंधी के रूप में हुई है, जो पहले पुरानी बस्ती के भंडारी चौक इलाके में रहता था। उस पर कई लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे लेने के आरोप हैं। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए, तो वह रायगढ़ चला गया था। कुछ समय बाद वह वापस कोरबा लौटा, लेकिन इस बार उसने पुरानी बस्ती की बजाय बालको क्षेत्र में रहना शुरू कर दिया। बीती रात अचानक एक वाहन में सवार कुछ लोग बालको पहुंचे और विजय को घेरकर जबरन गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। इस पूरी घटना को आसपास मौजूद लोगों ने देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गवाहों के बयान दर्ज किए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक को जबरन पकड़कर वाहन में डाला गया और आरोपी तेजी से वहां से निकल गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।