विश्व पृथ्वी दिवस: ‘धरती हमारी माता है, इसकी रक्षा हमारा पवित्र संकल्प’, पीएम मोदी ने दिया दुनिया को मानवता का मंत्र

Follow Us

नई दिल्ली। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया को पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त संदेश दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, पृथ्वी का संरक्षण केवल हमारा दायित्व नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति एक पवित्र प्रतिज्ञा है। उन्होंने संस्कृत श्लोक के माध्यम से भारतीय परंपरा को याद दिलाते हुए जोर दिया कि, मानवता का कल्याण तभी संभव है जब हमारी धरती सुरक्षित और हरी-भरी रहे। प्रधानमंत्री के इस संदेश को हरित ऊर्जा और जल संरक्षण जैसे सरकारी अभियानों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।

वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी इस मौके पर जनता को प्रेरित करते हुए कहा कि आज हमारे द्वारा उठाए गए छोटे कदम ही भविष्य की पृथ्वी का स्वरूप तय करेंगे। उन्होंने ‘स्वच्छ भारत’ और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसे अभियानों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन संस्कृति का हवाला देते हुए धरती को निःस्वार्थ पोषण करने वाली ‘माँ’ बताया और सभी से प्रदूषण मुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने को कहा। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी जल, जंगल और जमीन की रक्षा को उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया। देश के इन शीर्ष नेताओं के संदेशों ने एक सुर में स्पष्ट किया कि प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग और वृक्षारोपण ही पर्यावरण संकट का एकमात्र समाधान है। यह दिन हम सभी को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने और एक स्वच्छ व सुरक्षित भविष्य के निर्माण की प्रेरणा देता है।