मुंबई। अभिनेता इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ का टाइटल ट्रैक ‘ये आवारापन’ रिलीज हो गया है। लंबे समय से इस गाने का इंतजार कर रहे फैंस को आखिरकार फिल्म के इस इमोशनल ट्रैक की झलक मिल गई है। रिलीज के साथ ही गाना सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है और दर्शकों से इसे अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इस गाने की सबसे खास बात यह है कि इसके जरिए मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने लंबे समय बाद बॉलीवुड प्लेबैक सिंगिंग में वापसी की है। अरिजीत की भावुक आवाज और अमाल मलिक के मधुर संगीत ने इस गाने को खास बना दिया है।
‘ये आवारापन’ एक इमोशनल रोमांटिक ट्रैक है, जिसमें प्यार, दूरी, अधूरे रिश्तों और पुराने दर्द को खूबसूरती से पेश किया गया है। फिल्म के पहले भाग ‘आवारापन’ की तरह ही इस गाने में भी भावनाओं की गहराई देखने को मिलती है। गाने के बोल रश्मि-विराग ने लिखे हैं, जबकि संगीत अमाल मलिक ने तैयार किया है। म्यूजिक वीडियो में इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो अपने पुराने प्यार और यादों के दर्द से गुजर रहा है।
हालांकि, इस गाने में फिल्म की लीड एक्ट्रेस दिशा पाटनी की झलक नहीं दिखाई गई है, जिसे लेकर कुछ फैंस ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी है। फिल्म ‘आवारापन 2’ का निर्माण विशाल फिल्म्स और मुकेश भट्ट के बैनर तले किया गया है। इसका निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, शबाना आजमी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली, अतुल कुमार और अनिरुद्ध रावल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
