टोंक । राजस्थान पुलिस अपनी संवेदनशीलता, तत्परता और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जानी जाती है। एक बार फिर टोंक जिले की मालपुरा पुलिस ने विदेशी पर्यटकों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए रणथंबोर यात्रा के दौरान अपना कीमती सामान, पासपोर्ट और नकदी खो चुकी इजरायली युवती को उसका सारा सामान सकुशल बरामद कर वापस सौंप दिया है। समय पर मदद मिलने से खुश होकर इजरायली युवती ने राजस्थान पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
क्या था पूरा मामला? दिनांक 19 अक्टूबर को इजरायली युवती मोशाइफ नोइम (MOSHAIOF NOAM) अपने दोस्तों के साथ इजरायल से भारत भ्रमण पर आई हुई थी। वह पुष्कर से रणथंबोर सफारी हेतु मोटर बाइक पर सवार होकर मालपुरा के रास्ते जा रही थी। इस दौरान उसकी कमर पर एक बेल्ट पर्स बंधा हुआ था, जिसमें उसका पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, 4 क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, ₹20,000 भारतीय मुद्रा तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।
यात्रा के दौरान जब वे उनियारा के पास पहुंचे, तो युवती ने अपना पर्स चेक किया जो कमर पर नहीं मिला। रास्ते में काफी तलाश करने के बावजूद जब पर्स और दस्तावेज नहीं मिले, तो वे अपनी शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाना मालपुरा पहुंचे। इस संबंध में थाना मालपुरा में तुरंत गुमशुदगी दर्ज कर त्वरित अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस की विशेष टीम द्वारा त्वरित एवं तकनीकी कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, जिला टोंक रोशन मीणा के निर्देशन में सतत पर्यवेक्षण किया गया। इस पूरी रिकवरी को अंजाम देने के लिए थानाधिकारी मालपुरा चैनाराम बेडा के नेतृत्व में डीएसटी मालपुरा की एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने लगातार दिन-रात प्रयास करते हुए तकनीकी और मानवीय आसूचना जुटाई। पर्स खोने के संभावित मार्ग पर विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
मुमाणा गांव से जुड़ा सुराग, सात व्यक्तियों से पूछताछ
तलाश के दौरान विशेष टीम को गुम हुए सामान के ग्राम मुमाणा थाना पीपलू जिला टोंक में होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने गांव में गहन जानकारी जुटाई तथा 19 अक्टूबर को मालपुरा से मुमाणा आने-जाने वाले व्यक्तियों के बारे में पता किया। इस दौरान सात व्यक्तियों का गांव आना सामने आया। पुलिस ने सभी से गहनता से जानकारी प्राप्त की और समझाइश की।
इस कार्रवाई के परिणाम स्वरुप पुलिस ने इजरायली युवती का पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सभी 4 क्रेडिट कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और ₹20,000 नकद सहित पूरा बेल्ट पर्स बरामद किया।
इजरायली युवती को सुरक्षित लौटाया गया सामान
समान बरामद होने के बाद इजरायली युवती मोशाइफ नोइम को इसकी सूचना दी गई और गुरुवार 22 अक्टूबर को उसका सम्पूर्ण सामान पूरी सुरक्षा के साथ उसे सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। सिर्फ दो दिनों के भीतर अपना खोया हुआ कीमती सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज सही-सलामत वापस पाकर इजरायली युवती ने राजस्थान पुलिस की त्वरित कार्यशैली और सहयोग के प्रति गहरा आभार जताया तथा एक वीडियो जारी कर धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली विशेष टीम में डीएसटी मालपुरा के एएसआई नारायण लाल शर्मा और हैड कांस्टेबल रामराज की विशेष भूमिका रही।
