यामी गौतम की ‘नई नवेली’ दशहरा पर देगी दस्तक, 16 अक्टूबर को होगी रिलीज

Follow Us

मुंबई। यामी गौतम की आगामी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘नई नवेली’ की रिलीज डेट तय हो गई है। फिल्म को दशहरा 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को दर्शकों के बीच पहुंचेगी। ‘नई नवेली’ का निर्माण आनंद एल राय की प्रोडक्शन कंपनी कलर येलो के बैनर तले अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के सहयोग से किया गया है। यह दोनों प्रोडक्शन कंपनियों का पहला सहयोग है। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है।

फिल्म में यामी गौतम एक अलग और नए अंदाज में नजर आएंगी। यह उनके करियर की एक और हॉरर-कॉमेडी फिल्म होगी। इससे पहले वह ‘भूत पुलिस’ में इस जॉनर का हिस्सा रह चुकी हैं। ‘नई नवेली’ भारतीय लोककथाओं और पौराणिक कथाओं से प्रेरित कहानी पर आधारित बताई जा रही है। निर्माताओं को उम्मीद है कि दशहरा जैसे त्योहार के मौके पर रिलीज होने के कारण फिल्म को परिवार और युवाओं दोनों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा। फिल्म की शूटिंग इसी साल फरवरी में शुरू हुई थी। खास बात यह भी है कि यामी गौतम से पहले इस फिल्म के लिए कृति सैनन के नाम पर विचार किया गया था, लेकिन बाद में यामी को मुख्य भूमिका के लिए चुना गया।