कोरबा। जिले के करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मोबाइल पर रील देखते समय अचानक नेटवर्क चले जाने से नाराज एक महिला ने कथित तौर पर घर में रखा कीटनाशक पी लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान 52 वर्षीय मंगलो बाई के रूप में हुई है। बताया गया कि वह खाना खाते समय मोबाइल पर रील देख रही थी। इसी दौरान नेटवर्क चला गया, जिससे वह गुस्से में आ गई। महिला ने मोबाइल पटककर तोड़ दिया और इसके बाद घर में रखा कीटनाशक पी लिया।
महिला की हालत बिगडऩे पर परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। पति प्रेमलाल के अनुसार, पुरानी मान्यता के चलते परिजनों ने उसे उल्टी कराने के लिए गोबर-पानी भी पिलाया। हालांकि, महिला की हालत लगातार गंभीर होती गई। इसके बाद परिजन उसे संजीवनी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान मंगलो बाई की मौत हो गई।
अस्पताल के मेमो पर पुलिस ने शुरू की जांच
सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर मामले में कार्रवाई दर्ज की गई है। प्रारंभिक जानकारी में मोबाइल नेटवर्क चले जाने से नाराज होकर महिला द्वारा कीटनाशक सेवन करने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि गुस्से और आवेश में उठाया गया कदम कई बार जानलेवा साबित हो सकता है। मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक इस्तेमाल से जुड़ी भावनात्मक प्रतिक्रियाओं को लेकर भी जागरूकता की जरूरत बताई जा रही है।
