बलरामपुर। शादी की खुशियों के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डाल दिया। वाड्रफनगर क्षेत्र के अजगरा नाले के पास बारातियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि, वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार लोग छत्तीसगढ़ के इंजानी गांव से उत्तर प्रदेश के म्योरपुर बारात जा रहे थे। वाहन में कुल 7 लोग सवार थे। रास्ते में अचानक नियंत्रण खोने से पिकअप पेड़ से जा टकराई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे के बाद शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि, बारात में मालवाहक वाहनों का उपयोग खतरनाक है, लेकिन इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। हर साल ऐसे हादसे सामने आते हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली जाती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
