रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ली है। तेज गर्मी से जूझ रहे लोगों को बादलों और हल्की बारिश ने बड़ी राहत दी है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है, जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। रायपुर, राजनांदगांव और बिलासपुर जैसे प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। वहीं शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी पहुंच रही है, जिससे बादल बनने की प्रक्रिया तेज हुई है। इसके साथ ही विभिन्न मौसमी सिस्टम सक्रिय होने के कारण अगले 24 घंटों में कई क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और अंधड़ चलने की भी आशंका जताई गई है।राजधानी रायपुर में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने के संकेत हैं। दिन का तापमान करीब 41 डिग्री और रात का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
