छत्तीसगढ़ में मौसम का बदलेगा मिजाज, अगले 2 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और अगले दो दिनों तक मध्य एवं दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं आने वाले 5 दिनों तक प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

राजधानी रायपुर में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे उमस से हल्की राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से मानसूनी गतिविधियां और तेज होंगी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने सिस्टम के कारण चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो अगले 2–3 दिनों में और मजबूत हो सकता है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में तेज बारिश की स्थिति बनेगी।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़, वज्रपात और भारी बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा का दौर भी जारी रहेगा। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हुई। इस दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर में शुक्रवार को भी बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।