छत्तीसगढ़ में मौसम का कहर: रायपुर समेत कई जिलों में रेड अलर्ट, तेज बारिश-आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों के लिए भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में वीकेंड पर घूमने या यात्रा की योजना बना रहे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। शनिवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लटोरी, कुसमी, पत्थलगांव, मैनपाट, सीतापुर और पौड़ी उपरोड़ा में 1 से 2 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौजूदा समय में मानसून द्रोणिका जैसलमेर, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, शिवपुरी, दतिया, सीधी, डाल्टनगंज होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा 24 डिग्री उत्तर अक्षांश पर 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक पूर्व-पश्चिम शियर जोन सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।

मौसम विभाग ने रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा बीजापुर, दंतेवाड़ा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर समेत कई जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।