राजधानी में जल संकट गहराया: जोन कार्यालय का घेराव, जनता ने दी आंदोलन की चेतावनी

Follow Us

रायपुर | राजधानी के कई इलाकों में पिछले एक महीने से जारी जल संकट ने अब जनाक्रोश का रूप ले लिया है। भीषण गर्मी के बीच पानी की एक-एक बूंद के लिए मोहताज कापा, नहरपार, डबरीपार, गणेशनगर और चंडीनगर की जनता का सब्र आज टूट गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन और कांग्रेस नेता पंकज शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और नागरिकों ने नगर निगम जोन-9 कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अपना दुख साझा करते हुए बताया कि, पाइपलाइन में पानी नहीं आने के कारण उन्हें मीलों दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। हालत यह है कि, घर के रोजमर्रा के कामों के साथ-साथ पीने के पानी का भी संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि, नगर निगम द्वारा भेजे जा रहे टैंकरों की संख्या बेहद कम है, जिससे मोहल्लों में पानी के लिए विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है।

कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, हजारों की आबादी के लिए केवल 4 टैंकर भेजना नाकाफी है। उन्होंने मांग की है कि तत्काल टैंकरों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 10 की जाए और पाइपलाइन की तकनीकी खराबी को दूर कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रशासन को 72 घंटे (3 दिन) का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी गई है कि, यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो पूरी राजधानी में चक्काजाम और बड़ा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, जोन कमिश्नर राकेश शर्मा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था करने और पाइपलाइन मरम्मत कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस अल्टीमेटम के भीतर प्यासी जनता को राहत दे पाता है या नहीं