100 एकड़ वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध, समझाइश के बाद शांत हुआ मामला

Follow Us

धमतरी। धमतरी जिले के नगरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहम्मला और परसापानी के बीच वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए टीम को घेर लिया, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। वन विभाग के अनुसार करीब 100 एकड़ शासकीय वन भूमि पर अवैध कब्जा कर उसे कृषि भूमि में तब्दील करने की तैयारी की जा रही थी। सूचना मिलने पर विभागीय अमला मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की।

बढ़ते विरोध को देखते हुए वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा की और स्पष्ट किया कि बिना नियमानुसार नोटिस जारी किए किसी भी आवासीय संरचना को नहीं हटाया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और स्थिति सामान्य हो गई। वन विभाग ने दोहराया कि संबंधित भूमि शासकीय वन क्षेत्र है और वन संरक्षण कानूनों के तहत अतिक्रमण के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, जबकि प्रशासन आगामी कार्रवाई को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है।